दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने किया करतारपुर साहिब का अपमान : AAP

rekhagupta-kartarpurshahib

लुधियाना: आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर सिखों के पवित्र स्थल श्री करतारपुर साहिब के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक जरनैल सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह आरोप लगाते हुए कहा कि गुप्ता की टिप्पणी ने सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।

जरनैल सिंह ने कहा, “एक वीडियो सामने आया है जिसमें रेखा गुप्ता लुधियाना (पश्चिम) उपचुनाव के प्रचार के दौरान श्री करतारपुर साहिब को ‘करतार सिंह’ कहकर संबोधित कर रही हैं। यह टिप्पणी न केवल ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अनुचित है, बल्कि यह सिखों की आस्था का भी अपमान है। यही वह पवित्र स्थान है जहाँ श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के अंतिम वर्ष बिताए।”

उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता की जानकारी और समझ सिख इतिहास व धार्मिक स्थलों के बारे में बेहद सीमित है। “दिल्ली जैसे विविध सांस्कृतिक शहर में रहते हुए भी अगर कोई ‘गुरुद्वारा बंगला साहिब’ को सही तरीके से संबोधित नहीं कर सकता, तो यह उनकी सोच और मानसिकता पर सवाल खड़े करता है,” जरनैल सिंह ने कहा।

AAP ने उठाई माफी की मांग

जरनैल सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सिख नेताओं, खासकर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा से भी सवाल किया। उन्होंने कहा, “क्या बीजेपी के सिख नेता अपनी मुख्यमंत्री से माफी की मांग नहीं कर सकते? अगर रेखा गुप्ता माफी मांगती हैं, तो सिख समुदाय उन्हें माफ कर सकता है, क्योंकि यह समुदाय हमेशा से उदार रहा है।”

अरोड़ा और पंजाबी समुदाय पर भी की गई आपत्तिजनक टिप्पणी: AAP

AAP नेता अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता ने न सिर्फ करतारपुर साहिब का अपमान किया, बल्कि अरोड़ा और पंजाबी समुदाय के खिलाफ भी असंवैधानिक और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, “यह बयान केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक रूप से भी विभाजनकारी है। मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।”

BJP की ‘सिख विरोधी मानसिकता’ उजागर: AAP

AAP ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि रेखा गुप्ता का बयान उनकी पार्टी की सिख विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर बीजेपी की आलोचना करते हुए लिखा, “बीजेपी नेताओं की मानसिकता मुगलों जैसी है, जिन्होंने सिखों और उनके गुरुओं का अपमान किया था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *